Tuesday, October 20th, 2026

अमेरिका ने बनाई हाइपरसोनिक मिसाइल

न्यूयोर्क
चीन से बढ़ते खतरे से निपटने के लिए अमेरिका ने एक नई हाइपरसोनिक मिसाइल को विकसित किया है। यह मिसाइल एक घंटे में 6 हजार किलोमीटर से भी अधिक की दूरी तय करने में सक्षम है। इसे जल्द ही अमेरिकी सेना में शामिल भी किया जा सकता है। जिसे लेकर आर्मी की एक खास यूनिट को ट्रेनिंग भी दी जा रही है। अमेरिकी मीडिया में दावा किया जा रहा है कि यह मिसाइल Mayhem हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी सेना की रैपिड कैपिबिलिटिज एंड क्रिटिकल टेक्नोलॉजीज ऑफिस के डॉयरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल एल नील थर्गुड ने दावा किया है कि यह मिसाइल सितंबर तक सेना में कमीशन कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया है कि अपने परीक्षणों के दौरान मिसाइल ने सभी मानकों को पूरा किया है।

इसलिए खतरनाक है अमेरिका की यह हाइपरसोनिक मिसाइल

लेफ्टिनेंट जनरल एल नील थर्गुड ने कहा कि हाइपरसोनिक हथियार भविष्य के युद्ध को काफी हद तक बदलने की क्षमता रखता है। इसलिए, इन मिसाइलों की काबिलियत को देखते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्रालय इनके विकास पर जोर दे रहा है। यह हाइपरसोनिक मिसाइल 5 मैक से ज्यादा की स्पीड पर उड़ान भरने में सक्षम है। इसका मतलब है कि यह मिसाइल एक सेकेंड में लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। इस मिसाइल की सबसे बड़ी खासियत इसका उड़ान पथ है। यह निश्चित पथ पर न बढ़कर उसे कभी भी चेंज कर सकती है। इस कारण ऐसी मिसाइल को डिटेक्ट करना किसी भी एंटी मिसाइल सिस्टम के लिए आसान नहीं होगा। हाई स्पीड पर उड़ने के कारण रडार भी इसकी वास्तविक लोकेशन का पता नहीं लगा पाएगें।

 

#मिसाइल

Source : Agency

पाठको की राय